रात्रि में हुई ओलावृष्टि के बाद विधायक गोपालसिंह इंजीनियर पहुंचे ग्राम ग्वाली-गुराडिया वर्मा

खेतों में उतरकर प्रभावित फसलों का किया निरीक्षणराजस्व एवं कृषि अमले को दिए नुकसान आकलन के निर्देश।

रिपोर्ट राजीव गुप्ता आष्टा जिला सीहोर मध्य प्रदेश

आष्टा विधानसभा क्षेत्र में रात्रि के समय तेज बारिश एवं ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को हुए नुकसान की सूचना मिलते ही आष्टा विधायक श्री गोपालसिंह इंजीनियर आज प्रभावित ग्रामों में पहुंचे। विधायक ने अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम निरस्त कर जावर तहसील अंतर्गत ग्राम ग्वाली, गुराडिया वर्मा सहित अन्य प्रभावित गांवों में जाकर खेतों में उतरकर किसानों के साथ फसलों का निरीक्षण किया।

उल्लेखनीय है कि बीती रात आष्टा विधानसभा क्षेत्र के कुछ ग्रामों में तेज बारिश हुई, वहीं कई ग्रामों में ओलावृष्टि के कारण खेतों में खड़ी गेहूं, चना, मसूर सहित अन्य फसलों को भारी नुकसान पहुंचा। किसानों द्वारा दी गई सूचना के आधार पर विधायक गोपालसिंह इंजीनियर ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का प्रत्यक्ष जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान जावर तहसीलदार श्री ओमप्रकाश चोरमा, कृषि विभाग के अधिकारी, राजस्व एवं कृषि विभाग के आरआई, पटवारी सहित मैदानी अमला उपस्थित रहा।

विधायक ग्राम ग्वाली में कृषक प्रभुराम मालवीय के खेत पर पहुंचे, जहां ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का निरीक्षण कर किसानों से चर्चा की। वहीं ग्राम गुराडिया वर्मा में कृषक लखन पाटीदार के खेत पर पहुंचकर गेहूं की क्षतिग्रस्त फसल का निरीक्षण किया।विधायक गोपालसिंह इंजीनियर ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिन-जिन क्षेत्रों में ओलावृष्टि से फसलें प्रभावित हुई हैं, वहां तत्काल पहुंचकर नुकसान का आकलन किया जाए। उन्होंने आष्टा एसडीएम, आष्टा एवं जावर तहसीलदार तथा कृषि विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए कि मैदानी अमला शीघ्र सर्वे कर रिपोर्ट तैयार करे, ताकि रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर सीहोर को अवगत कराते हुए प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत दिलाई जा सके।

Leave a Comment