मतदाता जागरूकता रथ को कलेक्टर ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। मतदाताओं को जागरूक करने संडे का सुकून द्वारा किए जा रहे प्रयासों की कलेक्टर ने सराहना की अब की दीवाली, मतदान वाली

आष्टा से राजीव गुप्ता की रिपोर्ट

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री प्रवीण सिंह ने संडे का सुकून द्वारा संचालित मतदाता जागरूकता रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। यह रथ मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए संडे का सुकून द्वारा स्वयं के संसाधनों से संचालित किया जा रहा है। इस रथ में मतदाता जागरूकता के पोस्टर तथा मतदाता जागरूकता गीत द्वारा मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है।

इस अवसर पर कलेक्टर श्री प्रवीण सिंह ने कहा कि मतदान केवल हमारा अधिकार ही नहीं है, बल्कि देश के विकास और लोकतंत्र को मजबूत बनाने की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने संडे का सुकून द्वारा मतदाताओं को जागरूक करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री प्रवीण सिंह ने जिले के सभी मतदाताओं से 17 नवंबर को होने वाले विधानसभा निर्वाचन में अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि सभी मतदाता बिना किसी प्रलोभन के स्वयं के विवेक से 17 नवंबर को अपने मताधिकार का उपयोग करें।

कलेक्टर श्री सिंह ने कहा है कि मतदान लोकतंत्र का महापर्व है और इस महापर्व पर लोकतंत्र को मजबूत बनाने एवं देश के विकास में सहभागी बनने के लिए सभी मतदाता बढ़-चढ़कर मताधिकार का उपयोग करें। उन्होंने युवा मतदाताओं से कहा है कि सभी युवा मतदाता, जो पहली बार वोट कर रहे है, वे सभी अवश्य मतदान करें और पूरे प्रदेश में सीहोर जिले को सर्वाधिक मतदान वाला जिला बनाए। उन्होंने कहा है कि हम सब मतदान कर सीहोर को मतदान में नंबर वन बनाएंगे। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई है।

Leave a Comment