
आष्टा। मध्य प्रदेश में उपचुनाव की तैयारियों के बीच, भाजपा प्रत्याशी श्री रमाकांत भार्गव के समर्थन में आष्टा विधायक गोपालसिंह इंजीनियर ने बुधनी विधानसभा क्षेत्र में तूफानी जनसंपर्क किया। उन्होंने खेतों में कटाई कार्य में लगे किसानों के बीच जाकर भाजपा की डबल इंजन सरकार की विकास योजनाओं का उल्लेख किया और भाजपा को ऐतिहासिक मतों से विजय दिलाने की अपील की।
रिपोर्ट राजीव गुप्ता आष्टा जिला सीहोर एमपी

विधायक गोपालसिंह इंजीनियर ने संवाद के दौरान कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मध्य प्रदेश में डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में भाजपा की डबल इंजन सरकार ने विकास का नया इतिहास रचा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान बुधनी में बिजली, पानी और सड़कों की कमी थी, जबकि किसानों को 18% ब्याज दर पर कर्ज मिलता था और गरीब लोग झुग्गियों में रहने को मजबूर थे।

भाजपा के सत्ता में आने के बाद से बुधनी का निरंतर विकास हुआ है, जिसे पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में जारी रखा गया है।जनसंपर्क के दौरान विधायक श्री इंजीनियर ने ग्राम मेहरगांव, बड़ोदिया, आगरा और सतराना में लोगों से मुलाकात की।

बड़ोदिया में खेतों में काम कर रहे किसानों के बीच पहुँचकर उन्होंने फसल काटने का कार्य भी किया और भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में वोट की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा प्रत्याशी श्री रमाकांत भार्गव को कमल के निशान पर वोट देकर भारी मतों से विजयी बनाएं, ताकि विकास की यह यात्रा आगे भी जारी रह सके।

विधायक के साथ भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे, जो विभिन्न गांवों में जाकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं। इस जनसंपर्क अभियान में भाजपा के पक्ष में एक मजबूत समर्थन लहर भी देखी जा रही है, जिससे क्षेत्र में भाजपा की स्थिति और मजबूत मानी जा रही है।


