दिगंबर जैन मुनि सजग सागर व सानंद सागर महाराज का चातुर्मास होगा आष्टा में

दिगंबर जैन समाज सहित सभी नागरिकों को महाराज श्री के आगमन से समाज में हर्ष का वातावरण

रिपोर्ट राजीव गुप्ता आष्टा जिला सीहोर एमपी

आष्टा। चातुर्मास की पावन घड़ी जैसे-जैसे समीप आ रही है, विभिन्न स्थानों पर विराजमान साधु-संत अपने चातुर्मास स्थलों की ओर प्रस्थान कर रहे हैं। इसी क्रम में आष्टा नगर के किला क्षेत्र स्थित दिव्योदय जैन तीर्थ पर इस वर्ष पूज्य आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के परम शिष्य, आचार्य श्री आर्जव सागर जी महाराज के संघस्थ मुनि श्री सजग सागर जी महाराज व मुनि श्री सानंद सागर जी महाराज का चातुर्मास सम्पन्न होगा।उल्लेखनीय है कि रविवार को पूज्य मुनिश्री का इंदौर के उदयनगर जैन मंदिर से आष्टा नगर के लिए मंगल विहार हुआ।

इससे पूर्व शनिवार को दिगंबर जैन पंचायत समिति, आष्टा के पदाधिकारी इंदौर पहुंचे, जहां उन्होंने आचार्य श्री आर्जव सागर जी महाराज से आष्टा नगर में चातुर्मास की विनती कर श्रीफल भेंट किया। आचार्य श्री ने विनती स्वीकार करते हुए मुनि संघ को आष्टा में चातुर्मास हेतु विहार की आज्ञा दी तथा आशीर्वाद प्रदान किया।मुनि संघ के आगमन की सूचना से नगर के जैन समाज में उल्लास और धर्मानुराग का वातावरण व्याप्त हो गया है।

चातुर्मास को लेकर समाजजनों द्वारा विविध तैयारियां आरंभ कर दी गई हैं। समिति द्वारा पूज्य मुनिराजों की अगवानी हेतु शोभायात्रा सहित विविध धार्मिक आयोजनों की रूपरेखा तैयार की जा रही है।मुनि संघ के 9 जुलाई तक आष्टा नगर पहुंचने की पूर्ण संभावना है। समाज के लोगों से आग्रह किया गया है कि वे धर्मलाभ प्राप्त करने हेतु अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर मुनिश्री के सान्निध्य का लाभ लें।

Leave a Comment