एच.आर. परमाल, जनप्रतिनिधि कांग्रेस नेता के नेतृत्व में किसानों की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा

जावर में फसल बीमा सहित विभिन्न मुद्दों पर किसानों की उठी आवाज, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

रिपोर्ट राजीव गुप्ता आष्टा जिला सीहोर एमपी

आष्टा (म.प्र.)। एच.आर. परमाल, जनप्रतिनिधि कांग्रेस नेता के नेतृत्व में विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत जावर में किसानों ने अपनी समस्याओं को लेकर मंगलवार को तहसील कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों ने फसल बीमा योजना, बिजली, खाद-बीज की कमी और सिंचाई जैसी गंभीर समस्याओं के निराकरण की मांग की।

किसानों ने बताया कि इस वर्ष मौसम की अनियमितता, अतिवृष्टि एवं कीटों के प्रकोप से उनकी खरीफ की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। अधिकांश खेतों में सोयाबीन, मक्का व तिल जैसी फसलें पूरी तरह नष्ट हो चुकी हैं। बावजूद इसके बीमा कंपनियों द्वारा सर्वे कार्य समय पर नहीं किया जा रहा है, जिससे किसानों को मुआवजा राशि प्राप्त करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

किसानों ने आरोप लगाया कि बीमा कंपनियां किसानों को लाभ पहुँचाने की बजाय केवल कागजी कार्रवाई कर रही हैं। फसल बीमा योजना का वास्तविक उद्देश्य तभी सफल होगा जब प्रभावित किसानों को समय पर उचित राहत मिल सके।इसके साथ ही किसानों ने खाद एवं बीज की उपलब्धता में आ रही समस्याओं की ओर भी प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया। उनका कहना है कि कई बार उचित समय पर खाद और बीज उपलब्ध नहीं हो पाता, जिससे बुवाई और उत्पादन पर असर पड़ता है। वहीं बिजली कटौती एवं सिंचाई के साधनों की कमी ने भी किसानों को परेशान कर रखा है।ज्ञापन सौंपने पहुंचे किसानों ने तहसीलदार से मांग की कि सभी समस्याओं के समाधान के लिए तत्काल उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाए और बीमा कंपनियों पर कड़ा नियंत्रण रखा जाए, ताकि किसानों को उनके नुकसान की भरपाई शीघ्र मिल सके।तहसीलदार ने किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी सभी मांगों और समस्याओं को प्राथमिकता से वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा और किसानों को न्याय दिलाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।इस दौरान क्षेत्र के अनेक किसान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Comment