रिपोर्ट राजीव गुप्ता आष्टा जिला सीहोर मध्य प्रदेश

अतिक्रमण हटाने एवं ट्रैफिक व्यवस्था सुधार पर हुआ महत्वपूर्ण निर्णय

आष्टा। आज एसडीएम कार्यालय आष्टा में एसडीएम आष्टा, एसडीओपी आष्टा एवं नगर के विभिन्न व्यापारी संघों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारी महासंघ के अध्यक्ष सहित किराना व्यापारी संघ, होटल व्यापारी संघ एवं खाद व्यापारी संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में मुख्य रूप से आष्टा–कन्नौद रोड पर लगने वाले जाम की समस्या एवं मंडी क्षेत्र में आने वाले ट्रैक्टरों के सुचारू संचालन पर चर्चा की गई।

इस दौरान व्यापारियों को अवगत कराया गया कि नगर पालिका द्वारा कल से सड़क की सीमारेखा (डीमाकेशन लाइन) बनाई जाएगी, ताकि सभी व्यापारी अपनी निर्धारित सीमा के भीतर ही व्यापार करें।बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि परसों से नगर पालिका, राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा अतिक्रमण हटाने एवं चालानी कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी। प्रशासन ने सभी व्यापारियों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से अपने अतिक्रमण हटाएं, जिससे नगर में यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।

