रिपोर्ट राजीव गुप्ता आष्टा जिला सीहोर मध्य प्रदेश

आष्टा। शहीद भगत सिंह शासकीय महाविद्यालय में हो रहे सकारात्मक बदलावों को देखते हुए नगर के वरिष्ठजनों ने महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य धर्मेंद्र सूर्यवंशी का महाविद्यालय परिसर में पहुंचकर सम्मान किया।इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजन शिवलाल प्रजापति, नबीलाल प्रजापति, कैलाश यादव, कुमैर सिंह धनगर, दादू प्रजापति एवं हजारीलाल सूर्यवंशी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि उनके परिवार एवं मोहल्ले के बच्चे इसी महाविद्यालय में अध्ययनरत हैं। विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान यह ज्ञात हुआ कि प्राचार्य धर्मेंद्र सूर्यवंशी द्वारा विद्यार्थियों के हित में अनेक सकारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे महाविद्यालय का वातावरण अनुशासित व शिक्षाप्रद बन रहा है।वरिष्ठजनों ने कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि महाविद्यालय के वर्तमान प्राचार्य हमारे नगर के ही निवासी हैं और उन्होंने अपनी शिक्षा भी इसी संस्थान से प्राप्त की है।
विद्यार्थियों के प्रति उनका समर्पण और अनुशासन सराहनीय है, इसी कारण हमारे समूह के सदस्यों ने उनका सम्मान किया।इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य धर्मेंद्र सूर्यवंशी ने कहा कि “मैं इसी नगर का बेटा हूं और इसी महाविद्यालय से शिक्षा प्राप्त की है। आज इसी महाविद्यालय में मुझे प्रभारी प्राचार्य के रूप में कार्य करने का अवसर मिला, यह मेरे लिए गर्व का विषय है। मेरा उद्देश्य है कि आष्टा महाविद्यालय प्रदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाए। विद्यार्थियों की समस्याओं का निराकरण कर उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना मेरा प्रथम ध्येय है।”उन्होंने आगे कहा कि “नगरवासियों द्वारा किया गया यह सम्मान मेरे लिए प्रेरणास्रोत है, जो मुझे आगे भी पूर्ण निष्ठा और अनुशासन के साथ कार्य करने के लिए उत्साहित करेगा।”

