आष्टा से राजीव गुप्ता की रिपोर्ट

सामग्री वितरण एवं वापसी में आयोग के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

विधानसभा निर्वाचन-2023 को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री प्रवीण सिंह तथा पुलिस अधीक्षक श्री मयंक अवस्थी ने जिला मुख्यालय स्थित महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज में की गई मतदान तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्ट्रांग रूम, मतदान सामग्री वितरण कक्ष, वाहन पार्किंग सहित मतदान के लिए की गई सभी तैयारियों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली और सभी निर्वाचन संबंधी कार्यों में आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री सिंह ने मतदान दलों को मतदान सामग्री वितरित करने और वापस जमा करने तथा कर्मचारियों को लाने-ले जाने वाले वाहनों की पार्किंग के लिए ग्राउण्ड का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि मतदान दलों को सामग्री वितरित करते समय एवं जमा करते समय चेक लिस्ट के अनुसार सभी सामग्री का मिलान कर लिया जाए। ताकि मतदान दलों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने स्ट्रांग रूम में सीसीटीवी कैमरे, फायर सेफ्टी उपकरण, सुरक्षा बलों की ड्यूटी लगाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री सिंह ने स्ट्रांग रूम में फायर सेफ्टी के लिए सभी आवश्यक इंतजाम के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री आशीष तिवारी, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री वृन्दावन सिंह, संयुक्त कलेक्टर श्री सतीश राय, एसडीएम श्री नितिन टाले, सीएसपी श्री निरंजन सिंह राजपूत, डिप्टी कलेक्टर मनीष शर्मा तथा पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पंकज जैन उपस्थित थे।
