आष्टा से राजीव गुप्ता की रिपोर्ट
कलेक्टर-एसपी ने मतदान केन्द्रों का लिया जायजा

विधानसभा निर्वाचन-2023 के तहत जिले की चारो विधानसभा में शांतिपूर्ण ढंग से मतदान की प्रक्रिया जारी है। चारो विधानसभा में मतदाताओं द्वारा पूरे उत्साह और उमंग के साथ मतदान किया जा रहा है। मतदान में अपने मताधिकार का उपयोग करने महिलाओं, वरिष्ठजनों तथा युवाओं में भी भारी उत्साह देखा गया। लोकतंत्र के इस महापर्व पर सभी मतदान केंद्रों में बड़ी संख्या में मतादाताओं की लम्बी कतारे देखी गई। मतदान स्थल पर महिलाएं भी बड़ी संख्या में वोट डालने मतदान केंद्र पर पहुंची। इस अवसर पर कुमारी फरहा खान ने पहली बार मतदान किया। इस दौरान 85 वर्षीय बुजुर्ग मतदाता श्री महेश दुबे ने भी मतदान केन्द्र पहुंचकर मताधिकार का उपयोग किया।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार जिले की चारो विधानसभाओं में 3.00 बजे तक 63.53 प्रतिशत मतदान किया गया। जिले की बुधनी विधानसभा में 66.99 प्रतिशत, आष्टा में 62.20 प्रतिशत, इछावर में 63.00 प्रतिशत तथा सीहोर विधानसभा में 61.45 प्रतिशत मतदान किया गया।

कलेक्टर-एसपी ने मतदान केन्द्रों का लिया जायजा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री प्रवीण सिंह एवं एसपी श्री मयंक अवस्थी ने निरंतर मतदान केंद्रों का भ्रमण कर चल रहे मतदान की कार्यवाही का जायजा लिया। साथ ही उन्होंने मतदान केन्द्रों पर आए मतदाताओं से चर्चा भी की। इस दौरान उन्होंने मतदान सम्पन्न कराने वाले अधिकारी कर्मचारियों को व्यवस्थित ढंग से कार्यवाही संपादित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीठासीन अधिकारी, सेक्टर अधिकारी तथा कार्यपालिक मजिस्ट्रेट को शांतिपूर्ण ढंग से मतदान सम्पन्न कराने के लिए आयोग के निर्देशानुसार सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री वृन्दावन सिंह और एएसपी श्री गीतेश गर्ग ने भी अनेक मतदान केन्द्रों पर चल रही मतदान की कार्यवाही का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश अधिकारी-कर्मचारियों को दिए।

वरिष्ठ पत्रकार सुधीर पाठक की माताजी ने मतदान किया
कलेक्टर श्री सिंह ने किया मतदान

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री प्रवीण सिंह ने पत्नी श्रीमती निर्मला सिंह के साथ आदर्श मतदान केन्द्र क्रमांक-253 पर मतदान किया। इस दौरान उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से भी मतदान करने की अपील की।


