आष्टा से राजीव गुप्ता की रिपोर्ट

गरीबो-वंचितो को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आगे आए
युवा वर्ग स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का नियमित हिस्सा बनाए-राज्यपाल श्री पटेल

प्रदेश के साथ ही जिले में भी विकसित भारत संकल्प यात्रा निकाली जा रही है। इछावर तहसील की ग्राम पंचायत धामंदा में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा में राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने शासन की अनेक योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को हितलाभ के प्रमाण पत्र वितरित किए।

राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा वंचित हितग्राहियों तक शासन की कल्याणकारी योजनाओ और सेवाओं को पहुचाने की अब तक की सबसे बड़ी यात्रा है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में अधिकारी आपके गांव पहुंचकर ही आपको योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं और लाभ प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत देश विकसित राष्ट्र की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है और प्रत्येक भारतवासी को इस बात पर गर्व होना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जनजाति समुदाय के उत्थान और विकास के संकल्प को सिद्धि का अभिनव प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 11500 गावों में यह यात्रा जाएगी। इस यात्रा रथ के दौरान भारत सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी डिजिटल स्क्रीन, फ्लेक्स और पोस्टर के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाई जा रही है। विकसित भारत संकल्प यात्रा वंचितो और दूरस्थ अंचलों में निवासरत अंतिम छोर के व्यक्तियों को शासन की प्रमुख योजनाओं से जागरूक कर उन्हें लाभान्वित करेगी। उन्होंने स्वच्छता पर जोर देते हुए कहा कि स्वच्छता को अपनी आदत का हिस्सा बनाना चाहिए। सभी लोग स्वच्छता से जुड़कर अपने गांव अपने शहर और देश-प्रदेश को स्वच्छता में आगे लाने के लिए दृढ़ संकल्पित हो।

राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल ने कहा कि इस यात्रा का मूल उद्देश्य वंचित हितग्राहियों को आगे से योजनाओं का लाभ प्राप्त करवाना है। बालिका समृद्धि, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत निरामय, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, दीनदयाल अंत्योदय योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, जल जीवन मिशन जैसी योजनाएं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की अभिनव पहल हैं। प्रधानमंत्री किसान कल्याण, किसान सम्मान निधि, केसीसी कार्ड, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा तथा जीवन ज्योति योजना, अटल पेंशन, विश्वकर्मा योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।

राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने महिलाओं को धुएं से होने वाली बीमारियों से मुक्ति दिलाई है। स्व सहायता समूह के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया गया है। उन्होंने युवाओं से आव्हान किया कि ऐसे लोग जो शासकीय योजनाओं का लाभ पाने से वंचित रह गए हैं, उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने और जागरूक करने में योगदान दें।

कार्यक्रम में “मेरी कहानी मेरी जुबानी” के तहत प्रधानमंत्री आवास के हितग्राही श्री सुंदरलाल ने पक्के आवास में रहने के अपने अनुभव साझा किए। इसी तरह हितग्राही सुंदरलाल ने प्रधानमंत्री स्प्रिंकल सिंचाई योजना का लाभ तथा कपिलधारा कूप से मिले लाभ के बारे में बताया। इस तरह अनेक हितग्राहियों ने शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त कर जीवन में आए बदलावों के बारे में बताया। इस दौरान राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल ने धामंदा के शहीद श्री जितेन्द्र कुमार वर्मा के पिता श्री शिवाजी तथा माता श्रीमती धापू बाई एवं पत्नी श्रीमती सुनीता को सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी को विकसित भारत का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में विकसित भारत संकल्प यात्रा के संबंध में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का पूर्व में दिया गया उद्बोधन सुनाया गया।



