रिपोर्ट राजीव गुप्ता आष्टा जिला सीहोर एमपी

अधिक से अधिक पौधारोपण की नागरिकों से की अपील

विश्व पर्यावरण दिवस 05 जून से प्रदेश के साथ ही जिले में भी जल गंगा संवर्धन अभियान शुरू हो गया है। यह अभियान 16 जून तक चलेगा। अभियान के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से पौधरोपण एवं जल स्त्रोतों के गहरीकरण का कार्य किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से कलेक्टर श्री प्रवीण सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर में पौधरोपण किया।

उन्होंने कहा कि वृक्ष ही हमारे जीवन का आधार है। वर्तमान में पृथ्वी पर कम हो रही हरियाली के कारण हमें इसके कई दुष्परिणाम देखने मिल रहे हैं। पौधरोपण करना एवं उसकी रक्षा करना हम सभी की सामाजिक जिम्मेदारी है। पौधे जब बड़े होते हैं, तो फल, फूल एवं छाया सहित जीवन जीने के लिए ऑक्सीजन देते हैं। पर्यावरण संरक्षण का दायित्व प्रत्येक नागरिक का है। हमारे पूर्वजों द्वारा लगाए गए वृक्षों का लाभ हमें मिल रहा है।

हमारे आने वाली पीढ़ी के स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के लिए पर्यावरण को बचाना हम सबकी महती जिम्मेदारी है। पौधे लगाकर हम अपने वर्तमान के साथ ही भविष्य को भी संरक्षित करते हैं। उन्होंने जिले के नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के लिए पौधरोपण करने के साथ ही पौधे की सुरक्षा करने का संकल्प लेने की अपील की है। इस अवसर पर डीपीसी श्री रमेश राम उइके सहित जिला शिक्षा केंद्र के अधिकारी कर्मचारियों ने भी पौधारोपण किया।


