भमूरा सहित अनेक ग्रामों के मतदान केंद्रों पर एसडीएम और तहसीलदार ने किया निरीक्षण

मतदाता सूची में नाम जोड़ने, कटवाने और संशोधन के लिए अब सिर्फ दो दिन शेष

रिपोर्ट राजीव गुप्ता आष्टा जिला सीहोर एमपी

आष्टा। फोटो युक्त मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में अब केवल दो दिन शेष हैं। नागरिक 28 नवंबर 2024 तक अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, मतदाता सूची में नाम जोड़ने, कटवाने और संशोधन करने के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 28 नवंबर की शाम तक तय की गई है।एसडीएम श्रीमती स्वाति उपाध्याय मिश्रा और तहसीलदार पंकज पवैया ने 26 नवंबर को भमूरा सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) से कार्यक्रम की प्रगति की जानकारी ली और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

*महिलाओं के नाम जोड़ने पर विशेष जोर*

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुछ स्थानों पर लिंगानुपात कम था। एसडीएम ने बीएलओ को निर्देश दिया कि महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि महिलाओं और पुरुषों की संख्या लगभग समान होनी चाहिए।

*ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध*

निर्वाचन आयोग ने नागरिकों को ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी प्रदान की है। जो युवक-युवतियां 1 जनवरी 2025 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर लेंगे, वे अपना नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए 28 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं।

*28 नवंबर तक उपलब्ध रहेंगे बीएलओ*

एसडीएम ने बीएलओ को निर्देश दिए कि वे मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के कार्य को सुनिश्चित करें। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने आवेदन जमा करें।

Leave a Comment