“शिशु संगम” कार्यक्रम का भव्य आयोजन आष्टा मे संपन्न।
रिपोर्ट राजीव गुप्ता आष्टा जिला सीहोर एमपी

आष्टा। गुरुवार को सरस्वती शिशु मंदिर आष्टा विद्यालय मे शिशु संगम कार्यक्रम का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस विशेष आयोजन में विद्यालय के नन्हे विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का मनमोहक प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मा. श्री गोपाल सिंह इंजीनियर (विधायक, वि.स. क्षेत्र आष्टा) थे। विशेष अतिथि के रूप में मा. श्री पारसमल सिंघवी (जिला संघचालक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, जिला-सीहोर) श्री धारा सिंह जी (जिला महामंत्री सीहोर) एवं श्रीमती हेमकुंवर रायसिंह मेवाड़ा (अध्यक्ष, नगर पालिका आष्टा) उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री बिहारीलाल जी परमार (सचिव, माधव स्मृति शिक्षा समिति) ने की।

कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंगलाचरण एवं दीप प्रज्वलन से हुई। विद्यालय के नन्हे विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें पारंपरिक नृत्य, श्लोक वाचन, नाटक एवं लोकगीत शामिल थे। बच्चों की प्रस्तुतियों ने सभी अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। साथ ही भैया/बहिनों द्वारा तैयार की गई पंच परिवर्तन की झाकियां की विशेष आकर्षण के केंद्र मे रही।
मुख्य अतिथि श्री गोपालसिंह इंजीनियर ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति एवं शिक्षा का संगम ही बच्चों का सर्वांगीण विकास करता है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुसार कौशल विकास से ही देश को अच्छी पीढ़ी मिलेगी।

शिशु मंदिर व्यक्तित्व एवं कौशल विकास के केंद्र है, जहाँ शारीरिक, नैतिक, बौद्धिक, आध्यात्मिक गुणों के साथ शिशु का सर्वांगीण विकास होता है। उन्होंने विद्यालय के प्रयासों की सराहना की और इस प्रकार के आयोजनों को बच्चों के व्यक्तित्व विकास के लिए आवश्यक बताया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण आदिशक्ति के नौ स्वरुपों पर आधारित प्रस्तुति रही, जिसमे नवरात्रि के नौ स्वरूपों के बारे मे विद्यार्थियों ने स्वयं जानकारी नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया।

विशेष अतिथि श्री रायसिँह मेवाड़ा ने कहा कि बाल्यकाल में दी गई नैतिक एवं सांस्कृतिक शिक्षा भविष्य की नींव होती है। उन्होंने शिक्षकों एवं अभिभावकों से बच्चों को भारतीय संस्कारों से जोड़ने की अपील की।

कार्यक्रम के मंचस्थ अतिथियों का परिचय एवं कार्यक्रम की भूमिका विद्यालय के प्राचार्य श्री ब्रजमोहन गुर्जर ने रखी। अतिथियो का स्वागत श्री प्रवीण धाड़ीवाल व श्रीमती मौसमी अग्रवाल दीदी द्वारा किया गया। कार्यक्रम मे नगर के अन्य गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

विद्यालय परिवार एवं माधव स्मृति शिक्षा समिति ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय की छात्राओं द्वारा किया गया।

