रिपोर्ट राजीव गुप्ता आष्टा जिला सीहोर एमपी

नगर के हृदय स्थल बुधवारा स्थित ऐतिहासिक श्रीराम मंदिर के जीर्णोद्धार की प्रक्रिया का शुभारंभ भूमि पूजन के साथ विधिवत रूप से किया गया। यह मंदिर अपनी विशिष्ट पहचान ‘हाथी वाले मंदिर’ के नाम से नगरवासियों में प्रसिद्ध है, जिसका निर्माण वर्षों पूर्व हुआ था।

समय के साथ मंदिर का ढांचा जर्जर हो गया था, जिससे किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी।इसी को ध्यान में रखते हुए आज मंदिर समिति के सदस्यों सहित अनेक श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर जीर्णोद्धार कार्य की शुरुआत की। पुरानी संरचना को हटाने की प्रक्रिया भी आज से प्रारंभ कर दी गई, जिससे मंदिर के पुनर्निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

भूमि पूजन का धार्मिक अनुष्ठान मंदिर के पुजारी पंडित गोपाल प्रसाद उपाध्याय एवं अंकित शर्मा द्वारा संपन्न कराया गया।

इस शुभ अवसर पर नगर के प्रमुख समाजसेवी अनोखीलाल खंडेलवाल, भुरू भट्ट, शेषनारायण मुकाती, गोपाल प्रसाद ताम्रकार, मनोज ताम्रकार, गणेश सोनी, बल्लू मालवीय, राजीव गुप्ता, पंकज कुशवाह, प्रेम सोनी, छोटू महेश्वरी एवं सोनू बरेठा सहित अनेक बुधवारा निवासी उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि यह मंदिर नगर के प्राचीनतम मंदिरों में से एक है, जहाँ राम दरबार, शिव दरबार एवं चमत्कारिक हनुमानजी की प्रतिमा स्थापित है। नगर के मध्य स्थित होने के कारण यहाँ प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। अब इसके नवनिर्माण से श्रद्धालुओं को और अधिक सुविधा एवं आध्यात्मिक वातावरण प्राप्त होगा।


