आष्टा: इस्कॉन की रथयात्रा 3 जुलाई को, प्रथम निमंत्रण श्री गणेश को दिया गया

इस्कॉन सेंटर आष्टा द्वारा इस वर्ष भी भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा का आयोजन 3 जुलाई को किया जा रहा है ।

रिपोर्ट राजीव गुप्ता आष्टा जिला सीहोर एमपी

आष्टा। जगन्नाथपुरी की भव्य परंपरा को आगे बढ़ाते हुए आष्टा इस्कॉन सेंटर द्वारा इस वर्ष भी भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा का आयोजन 3 जुलाई को किया जा रहा। रथयात्रा के प्रथम निमंत्रण की शुरूआत नगर के प्राचीन गणेश मंदिर में विधिवत पूजन-अर्चन के साथ की गई, जहाँ भगवान श्री गणेश को पहला आमंत्रण पत्र समर्पित किया गया।

इस अवसर पर इस्कॉन के पदाधिकारियों और भक्तों ने गणेश मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की और आगामी रथयात्रा कार्यक्रम की आध्यात्मिक शुरुआत की। इस्कॉन आष्टा के प्रतिनिधियों ने बताया कि यह परंपरा नगर में पिछले वर्ष प्रारंभ की गई थी, और अब हर वर्ष इसे और भी भव्यता के साथ मनाया जाएगा।इस बार की रथयात्रा विशेष रूप से भव्य होगी, जिसमें उज्जैन इस्कॉन सहित देशभर के विभिन्न इस्कॉन केंद्रों से प्रभुजी पधारेंगे।

वे कीर्तन, भजन और प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करेंगे। नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरने वाली इस रथयात्रा का वातावरण भक्तिमय होगा।रथयात्रा का मार्ग और समयरथयात्रा का शुभारंभ 3 जुलाई को दोपहर 1 बजे गायत्री मंदिर (बस स्टैंड) से होगा। यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों — भोपाल नाका, कन्नौद रोड, कालोनी चौराहा होते हुए मंडी गेट पहुंचेगी, जहाँ यह आयोजन संपन्न होगा।

इस अवसर पर सकल हिन्दू समाज, जनप्रतिनिधियों,समस्त महिला मंडलों द्वारा नगरवासियों, श्रद्धालुओं एवं भक्तगणों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस पुण्य अवसर पर उपस्थित होकर भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा को सफल बनाएं और आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति करें।

Leave a Comment