टैलेण्ट इनोवेटिव स्कूल में रक्षाबंधन एवं ग्रीन डे का भव्य आयोजन

रक्षा बंधन के अवसर पर राखी सजाओ प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम व वृक्षारोपण का संकल्प

रिपोर्ट राजीव गुप्ता आष्टा जिला सीहोर एमपी

प्रकृति, मानव जीवनशैली, पर्व और मानवीय मूल्यों का संतुलित समन्वय जीवन में उन्नति और सफलता सुनिश्चित करता है। इसी भावना को साकार करते हुए स्थानीय टैलेण्ट इनोवेटिव हायर सेकेंडरी स्कूल, आष्टा में शुक्रवार को रक्षाबंधन महापर्व के अवसर पर ग्रीन डे एवं राखी सजाओ प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया।ग्रीन डे पर विद्यालय परिसर को प्रकृति के हरे रंग की थीम पर सजाया गया।

विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मुख्यतः हरे व रंग-बिरंगे परिधानों में आकर हरियाली की थीम को जीवंत कर दिया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के महत्व को रचनात्मक ढंग से विद्यार्थियों तक पहुँचाया गया।राखी सजाओ प्रतियोगिता में भाई-बहनों ने अपनी रचनात्मकता का परिचय देते हुए आकर्षक राखियाँ और सुंदर थाल सजाकर रक्षाबंधन पर्व की पवित्रता को अभिव्यक्त किया।

साथ ही सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भाई-बहन के रिश्ते के महत्व को मार्मिक रूप से दर्शाया। बहनों ने अपने सहपाठी भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर स्नेह और विश्वास का संदेश दिया।विद्यालय के प्राचार्य श्री सुदीप जायसवाल ने इस अवसर पर वृक्षों के महत्व और रक्षाबंधन पर्व से उनके संबंध पर सार्थक विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन वर्तमान समय की आवश्यकता हैं, जो न केवल विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारते हैं, बल्कि उनमें सामाजिक जिम्मेदारी का भी बोध कराते हैं।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने वृक्षारोपण का संकल्प लिया। आयोजन में अनेक विद्यार्थी, अभिभावक और शिक्षकगण उपस्थित रहे। अंत में नंदकिशोर विश्वकर्मा सर ने सभी को बधाई व धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Comment