अपने घर का सपना अब पूरा होगा 📰 प्रधानमंत्री आवास योजना में अब 1 लाख 80 हजार तक की मिलेगी ब्याज सब्सिडी।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी विनोदकुमार प्रजापति के नेतृत्व में नगर में लगेंगे शिविर।

रिपोर्ट राजीव गुप्ता आष्टा जिला सीहोर एमपी

आष्टा। अपना घर होना हर व्यक्ति का सपना होता है, लेकिन इसे पूरा करना हर किसी के लिए आसान नहीं होता। इस सपने को साकार करने के लिए केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत ब्याज सब्सिडी योजना प्रारंभ की है, जिसके माध्यम से पात्र हितग्राही आवास क्रय या निर्माण करने हेतु गृह ऋण पर अधिकतम 1 लाख 80 हजार रुपये तक की ब्याज सब्सिडी प्राप्त कर सकते हैं।नवागत मुख्य नगरपालिका अधिकारी विनोदकुमार प्रजापति ने जानकारी देते हुए बताया कि अब पीएमएवाई-2.0 की ब्याज सब्सिडी योजना (आईएसएस) के तहत पात्र लोग आसानी से होम लोन की किश्त चुकाने में राहत पा सकते हैं।

इसके लिए सोमवार 11 अगस्त से नगर में मौजूद सभी बैंकों के सहयोग से शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक नगरवासी इस योजना का लाभ उठा सकें।हमारे प्रतिनिधि से बात करते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी विनोद कुमार प्रजापति ने बताया कि योजना के तहत ऐसे परिवार, जिनकी वार्षिक आय अधिकतम 9 लाख रुपये तक है, पात्र माने जाएंगे। गृह ऋण की अधिकतम राशि 25 लाख रुपये निर्धारित है, जबकि आवास का मूल्य 35 लाख रुपये से अधिक नहीं होना चाहिए। बनने वाले आवास का अधिकतम क्षेत्रफल 120 वर्गमीटर रहेगा। ब्याज सब्सिडी 4 प्रतिशत प्रतिवर्ष के अनुसार दी जाएगी, जो अधिकतम 1 लाख 80 हजार रुपये तक होगी।

Leave a Comment