रिपोर्ट राजीव गुप्ता आष्टा जिला सीहोर मध्य प्रदेश

विधानसभा निर्वाचन 2023 के तहत स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान कराने तथा सभी चुनावी गतिविधियों को सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिए जिला मुख्यालय स्थित शासकीय महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज में आष्टा एवं बुधनी के सेक्टर अधिकारियों का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में मास्टर ट्रेनर्स द्वारा सेक्टर अधिकारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया और निर्वाचन के दौरान उनके दायित्वों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री वृन्दावन सिंह ने प्रशिक्षार्थियों से कहा कि सेक्टर में शांतिपूर्ण चुनाव सम्पन्न कराने के लिए सेक्टर अधिकारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी सेक्टर अधिकारी प्रशिक्षण में बताई गई बातों को ध्यान में रखें और निर्वाचन की प्रक्रिया के दौरान उन पर सख्ती से अमल करें। साथ ही वे उनके क्षेत्र में आने वाले मतदान केन्द्रों का भ्रमण कर वहां पर निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराएं।

प्रशिक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर श्री मनीष शर्मा, एसडीएम श्री राधेश्याम बघेल, श्री आनन्द सिंह राजावत भी उपस्थित थे। सेक्टर अधिकारियों को मास्टर ट्रेनर डॉ. राजेश बकोरिया, डॉ पंकज जैन तथा डॉ. अनूप सिंह द्वारा प्रशिक्षण दिया गया।



