रिपोर्ट राजीव गुप्ता आष्टा जिला सीहोर एमपी

अलीपुर। बाल दिवस के अवसर पर ज्ञान दीप स्कूल में आयोजित बाल मेले ने सभी का दिल जीत लिया। विद्यार्थियों ने शिक्षकों के मार्गदर्शन में इस आयोजन को सफल बनाते हुए ज्ञान और मनोरंजन का अद्भुत मेल प्रस्तुत किया। मेले में बच्चों ने स्वयं खाद्य पदार्थ तैयार कर स्टॉल लगाए और सरल व नवीन शैक्षणिक पद्धतियों का प्रदर्शन किया। इसके अलावा मनोरंजन के लिए झूले और विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर मेले को और भी आकर्षक बनाया।

दीप प्रज्ज्वलन से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कैलाश परमार और जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सोनू गुणवान ने मां सरस्वती, पंडित जवाहरलाल नेहरू और डॉ. राधाकृष्ण के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलित करके किया।

मुख्य अतिथि ने सराहा प्रयास
मुख्य अतिथि कैलाश परमार ने अपने संबोधन में कहा, “ज्ञान दीप स्कूल अपने नाम के अनुरूप बच्चों को ज्ञान के साथ-साथ कला और कौशल के दीप प्रज्ज्वलित करने में जुटा है। बच्चों और शिक्षकों की मेहनत से यह मेला एक उत्सव बन गया है।”जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सोनू गुणवान ने कहा कि स्कूल न केवल बच्चों को शिक्षा दे रहा है, बल्कि उनके कौशल और व्यक्तित्व विकास के लिए भी काम कर रहा है।

शिक्षकों और अभिभावकों का हुआ सम्मान
स्कूल के संचालक और प्रधान शिक्षक ज्ञान सिंह ठाकुर ने अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभा को सामने लाने और उन्हें नई दिशा देने का प्रयास है।इस अवसर पर गणमान्य नागरिक, अभिभावक और विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन की सर्वत्र प्रशंसा हुई।


