रिपोर्ट राजीव गुप्ता आष्टा जिला सीहोर एमपी

आष्टा। संबल योजना के तहत मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में मंत्रालय में अनुग्रह सहायता राशि के लाभार्थियों को सिंगल क्लिक के माध्यम से हितग्राहियों के खातों में राशि अंतरित कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसका सीधा प्रसारण पूरे प्रदेश की नगरीय निकायों में प्रसारित किया गया।

इसी के चलते नपाध्यक्ष हेमकुंवर रायसिंह मेवाड़ा के मुख्य आतिथ्य एवं संबंधित वार्ड पार्षदों की विशेष उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें नपाध्यक्ष श्रीमती हेमकुंवर रायसिंह मेवाड़ा, पार्षदगण डाॅ. सलीम खान, अतीक कुरैशी, अरशद अली द्वारा हितग्राहियों को अनुग्रह सहायता राशि के तहत 2-2 लाख रूपये राशि के स्वीकृत पत्र प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना, असंगठित क्षेत्र में कार्यरत लाखों श्रमिकों के लिए महत्वपूर्ण योजना है। योजना में अनुग्रह सहायता योजना अंतर्गत दुघर्टना में मृत्यु होने पर 4 लाख रूपये एवं सामान्य मृत्यु होने पर 2 लाख रूपये प्रदान किये जाते हैं। स्थायी अपंगता पर 2 लाख रूपये एवं आंशिक स्थायी अपंगता पर 1 लाख रूपये तथा अंत्येष्टि सहायता के रूप में 5 हजार रूपये प्रदान किये जाते हैं।
संबल योजना में महिला श्रमिकों को प्रसूति सहायता के रूप में 16 हजार रूपये दिये जाते हैं, साथ ही श्रमिकों के बच्चों को महाविद्यालय शिक्षा प्रोत्साहन योजना में उच्च शिक्षा के लिये सम्पूर्ण शिक्षण शुल्क राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाता है। मुख्य नगरपालिका अधिकारी राजेश सक्सेना ने जानकारी देते हुए बताया कि संबल योजना अनुग्रह सहायता राशि के तहत नगरीय निकाय के 4 हितग्राहियों का चयन किया गया था, जिसमें से 1 हितग्राही अन्य योजना में लाभान्वित होने के कारण अनुग्रह सहायता राशि का प्रकरण निरस्त हो गया, शेष 3 हितग्राहियों को शासन द्वारा 2-2 लाख रूपये की सहायता राशि प्रदान की गई है। सीएमओ श्री सक्सेना ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि नीति आयोग की पहल पर प्रदेश के प्लेटफार्म वर्कर्स को भी संबल योजना के अंतर्गत सम्मिलित किया जाकर इनका पंजीयन प्रारम्भ किया गया है।

इन्हें भी संबल योजना के अंतर्गत समस्त लाभ प्रदान किये जा रहे हैं। संबल हितग्राहियों को खाद्यान्न पात्रता पर्ची भी पूर्व माह में दी गई है। संबल योजना में श्रमिक को जन्म से लेकर मृत्यु तक आर्थिक सहायता प्राप्त होती है वास्तव में यह योजना श्रमिकों का संबल है। अनुग्रह सहायता राशि स्वीकृति पत्र वितरण कार्यक्रम में नपाध्यक्ष श्रीमती हेमकुंवर रायसिंह मेवाड़ा, पार्षद अतीक कुरैशी, डाॅ. सलीम खान, अरशद अली, पूरणसिंह मेवाड़ा, बाबूलाल जाटव, रोहित कालेलकर, आकाश मेवाड़ा सहित हितग्राहीगण मौजूद थे।



