सफाई मित्रों का सम्मान, स्वच्छ आष्टा की पहचान। नगरपालिका ने 50 नवीन हाथ कचरा गाड़ियां सौंपकर दी नई ऊर्जा।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि राय सिंह मेवाडा एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेश सक्सेना ने सफाई मित्रों को सौंपी गाड़ियां।
रिपोर्ट राजीव गुप्ता आष्टा जिला सीहोर एमपी

आष्टा। नगर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने एवं सफाई मित्रों को बेहतर संसाधन प्रदान करने के उद्देश्य से नगरपालिका आष्टा द्वारा 50 नवीन हाथ कचरा गाड़ियां क्रय की गईं। इन गाड़ियों का वितरण एक विशेष कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री रायसिंह मेवाड़ा, मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री राजेश सक्सेना एवं पार्षदगणों की उपस्थिति में किया गया।

कार्यक्रम के दौरान श्री रायसिंह मेवाड़ा ने कहा कि किसी भी नगर, राज्य या देश की सुंदरता एवं स्वास्थ्य उसकी स्वच्छता पर निर्भर करती है और इसमें सफाई मित्रों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि सफाई मित्रों का कार्य कठिन होने के साथ-साथ अत्यंत सेवाभाव से जुड़ा हुआ है, जिसे हर कोई नहीं कर सकता। उनके इस समर्पण को सम्मानित करना हमारा कर्तव्य है।

श्री मेवाड़ा ने सभी नगरवासियों से आग्रह किया कि वे नगर को स्वच्छ बनाए रखने में सफाई मित्रों के साथ सहयोग करें और उन्हें सम्मान दें।मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री राजेश सक्सेना ने जानकारी देते हुए बताया कि यह सभी 50 हाथ कचरा गाड़ियां “स्वच्छ सर्वेक्षण 2025” की तैयारी के तहत खरीदी गई हैं। उन्होंने बताया कि नगरपालिका की कोशिश है कि आष्टा नगर को पूरे देश में स्वच्छता के मानकों पर शीर्ष 10 नगरपालिकाओं में शामिल किया जाए।

श्री सक्सेना ने यह भी कहा कि संसाधनों की उपलब्धता से कार्यक्षमता में वृद्धि होती है और स्वच्छता जैसे महत्त्वपूर्ण अभियान में संसाधन एक आवश्यक कड़ी हैं। उन्होंने नगर के नागरिकों से अपील की कि वे कचरा निर्धारित समय और स्थान पर ही दें एवं गीला-सूखा कचरा अलग-अलग करके सफाई मित्रों की सहायता करें।इस अवसर पर पार्षदगण हिफज्जुर्रहमान भैया मियां, सुभाष नामदेव, डॉ. सलीम खान, तारा कटारिया, शेख रईस, अतीक कुरैशी, प्रभारी स्वच्छता निरीक्षक विनोद सांगते, राजेश घेंघट, सुनील सांगते, हेमंत चंडाले सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं नगर परिषद कर्मचारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में नगरपालिका द्वारा सफाई मित्रों को न केवल कचरा गाड़ियां वितरित की गईं, बल्कि उनके उत्साहवर्धन के लिए पुष्पमालाएं पहनाकर सम्मानित भी किया गया। इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि स्वच्छता कर्मियों के बिना स्वच्छ भारत अभियान अधूरा है और समाज को उनका निरंतर सहयोग एवं सम्मान करना चाहिए।


