पुण्यश्लोक लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर जी की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी मंडल आष्टा द्वारा एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

रिपोर्ट राजीव गुप्ता आष्टा जिला सीहोर एमपी

आष्टा: नगर के गोकुलधाम में पुण्यश्लोक लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर जी की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी मंडल आष्टा द्वारा एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं अहिल्याबाई होलकर जयंती के प्रदेश प्रभारी श्री पंकज जोशी रहे। आयोजन में आष्टा विधानसभा के विधायक श्री गोपाल सिंह इंजीनियर और नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती हेमकुंवर मेवाड़ा का भी मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत देवी अहिल्याबाई होलकर, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ की गई। अतिथि श्री पंकज जोशी का भाजपा पदाधिकारियों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।जिला टोली की सहसंयोजिका एवं भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष श्रीमती ऋतु जैन ने स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए महिला सशक्तिकरण में देवी अहिल्याबाई के योगदान पर प्रकाश डाला।

विधायक श्री गोपाल सिंह इंजीनियर ने अहिल्याबाई की न्यायप्रिय शासन व्यवस्था की सराहना की।मुख्य वक्ता श्री पंकज जोशी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा अहिल्याबाई होलकर के जीवन से प्रेरणा लेकर देश की संस्कृति, धरोहर और नारी सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे कार्यों की चर्चा की। उन्होंने कहा कि देवी अहिल्या का जीवन भारतीय नारी शक्ति के लिए प्रेरणास्रोत है और उनके सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं।

कार्यक्रम का संचालन जिला टोली के सदस्य उमेश शर्मा ने किया। संगोष्ठी में धारा सिंह पटेल, भाजपा के अन्य जनप्रतिनिधि, महिला मोर्चा, मंडल अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र पदाधिकारी और वरिष्ठ कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समापन नगर मंडल अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री विशाल चौरसिया द्वारा आभार प्रदर्शन के साथ किया गया।


