गंगा दशमी पर ठाकुरजी का भव्य नौका विहार, श्रीनाथ मंदिर आष्टा में हुआ भव्य आयोजन
रिपोर्ट राजीव गुप्ता आष्टा जिला सीहोर एमपी
आष्टा (बड़ा बाजार)। वैष्णवों के प्रमुख पर्व गंगा दशमी के पावन अवसर पर नगर के ऐतिहासिक एवं श्रद्धा के केंद्र श्रीनाथ मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर के मुखिया संतोष नागर ने सपत्नीक ठाकुरजी को सजीव रूप से नौका विहार कराया।

जैसे ही ठाकुरजी नौका में विराजे, पूरा वातावरण “जय श्रीनाथजी” गिरिराज धारण की जय के उद्घोष से गूंज उठा।विशेष रूप से सजाई गई नौका पर ठाकुरजी को विराजमान कर भक्ति भाव से मंदिर प्रांगण में नौका विहार कराया गया।

श्रद्धालु भक्तों ने दर्शन कर पुण्य लाभ लिया और भक्ति रस में सराबोर हो गए। पूरे आयोजन के दौरान भजन-कीर्तन, ढोल-मंजीरों और पुष्प वर्षा से वातावरण अलौकिक बना रहा।मंदिर प्रमुख सत्यनारायण कमरिया, राजू चौरसिया एवं मुकेश पोरवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि अब से श्रीनाथ हवेली में सभी प्रमुख वैष्णव त्यौहारों का आयोजन विधिवत प्रारंभ किया जाएगा।

गंगा दशमी के साथ यह शुभ शुरुआत मानी जा रही है।गौरतलब है कि श्रीनाथ मंदिर आष्टा न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि सांस्कृतिक एवं सामाजिक समरसता का प्रतीक भी है। हर वर्ष यहां पारंपरिक रीति से पर्व मनाए जाते हैं, जो नगरवासियों में भक्ति और उत्साह का संचार करते हैं।इस अवसर पर नगर के अनेक श्रद्धालुजन, महिला मंडल एवं बाल भक्त भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

