रिपोर्ट राजीव गुप्ता आष्टा जिला सीहोर एमपी
विश्व पर्यावरण दिवस पर नपा ने अटल कॉलोनी पार्क में रोपे पौधे

आष्टा। विश्व पर्यावरण दिवस हमें अपनी पृथ्वी, अपने पर्यावरण के प्रति हमारी सामूहिक और व्यक्तिगत जिम्मेदारियों की याद दिलाता है। यह केवल एक दिन का उत्सव नहीं है, बल्कि यह एक प्रतिज्ञा है कि हम अपने आसपास के वातावरण को स्वस्थ और हरा-भरा बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास करे।

आज जब हम पर्यावरण दिवस मना रहे हैं, तो हमें यह सोचना होगा कि हम प्रकृति से क्या ले रहे हैं और उसे बदले में क्या दे रहे हैं। हमारा पर्यावरण, जिसमें हवा, पानी, मिट्टी, पेड़-पौधे और जीव-जंतु शामिल हैं, यह सभी हमारे जीवन का आधार है।

इस आशय के विचार नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने अटल कॉलोनी स्थित पार्क में विश्व पर्यावरण दिवस एवं वोमेन फॉर ट्री अभियान के अवसर पर पौधारोपण करते हुए व्यक्त किए। पौधारोपण कार्य में स्वसहायता समूह की महिलाएं नपा द्वारा वितरित की गई किट में नजर आई और उन्होंने बढ-चढ़कर पौधों का रोपण किया।

उपस्थित सभी स्वसहायता समूह की महिलाओं के साथ ही उपस्थितजनों को शपथ दिलाते हुए नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने कहा कि पौधारोपण कार्य हमारे लिए एवं आने वाली भावी पीढ़ी के लिए बेहद आवश्यक है। आज विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हम एक साथ संकल्प ले कि हम सभी अपने घरों एवं आसपास एक पौधे का रोपण अवश्य करें और उसकी देखभाल नवजात शिशु की भांति जब तक करें तब तक वह वृक्ष का आकार न ले। नपाध्यक्ष प्रतिनिधि श्री मेवाड़ा ने यह भी कहा कि हमारी पृथ्वी, जिस पर हम रहते हैं, हमें शुद्ध हवा, पीने का पानी, उपजाऊ मिट्टी और जीवन के लिए आवश्यक हर चीज़ प्रदान करती है।

पेड़-पौधे, नदियाँ, पहाड़, और सभी जीव-जंतु मिलकर एक सुंदर और संतुलित पारिस्थितिकी तंत्र बनाते हैं। लेकिन दुर्भाग्य से, मानवीय गतिविधियों के कारण यह संतुलन बिगड़ता जा रहा है। प्रदूषण, वनों की अंधाधुंध कटाई, नदियों का दूषित होना, और जलवायु परिवर्तन जैसी समस्याएँ आज हमारे सामने खड़ी हैं। ये समस्याएँ केवल पर्यावरण को ही नहीं, बल्कि हमारे स्वास्थ्य और हमारे भविष्य को भी सीधे तौर पर प्रभावित कर रही हैं। इन सबसे बचने के लिए हमें अधिक से अधिक पौधारोपण करना हमारे उज्जवल भविष्य के लिए जरूरी हो गया है।

मुख्य नगरपालिका अधिकारी राजेश सक्सेना ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि प्रकृति को संवारने का शासन द्वारा जो पहल की गई है वह अपने आपमें अनुकरणीय पहल है। भारत समेत पूरे विश्व में प्रदूषण तेजी से फैल रहा है। बढ़ते प्रदूषण के कारण प्रकृति खतरे में हैं। प्रकृति जीवन जीने के लिए किसी भी जीव को हर जरूरी चीज उपलब्ध कराती है। ऐसे में अगर प्रकृति प्रभावित होगी तो हमारा जीवन भी प्रभावित होगा। प्रकृति को प्रदूषण से बचाने के उद्देश्य से पर्यावरण का संरक्षण करना बहुत जरूरी हो गया है। पौधारोपण अभियान में नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा, मुख्य नगरपालिका अधिकारी राजेश सक्सेना, नपाउपाध्यक्ष प्रतिनिधि भूरू खां, पार्षदगण हिफज्जुर्रहमान भैया मियां, तेजसिंह राठौर, रवि शर्मा, डॉ. सलीम खान, सहायक यंत्री आकाश गोयतर, लेखापाल मनीष श्रीवास्तव, सिटी मिशन मैनेजर महेन्द्र पोसवाल, उपयंत्री अनिल धुर्वे, मोहम्मद इसरार, पार्वती शर्मा, शिवराज अहिरवार सहित नपा के अन्य कर्मचारीगण मौजूद थे।

