ग्राम भीलखेड़ी में 4 से 10 जुलाई तक होगा सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा आयोजन

मालवा माटी के सुप्रसिद्ध भागवताचार्य परम पूज्य श्री मिट्ठूपुरा सरकार जी अपनी सरस वाणी और हृदयस्पर्शी भावों के माध्यम से श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे

रिपोर्ट राजीव गुप्ता आष्टा जिला सीहोर एमपी

आष्टा।ग्राम भीलखेड़ी (बरामद) स्थित श्रीराम मंदिर धर्मशाला में 4 जुलाई से 10 जुलाई तक सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया जा रहा है। यह आयोजन गुरुपूर्णिमा के पावन पर्व तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन भक्ति, साधना और सत्संग का दिव्य वातावरण बना रहेगा।

इस पावन कथा महोत्सव में मालवा माटी के सुप्रसिद्ध भागवताचार्य परम पूज्य श्री मिट्ठूपुरा सरकार जी अपनी सरस वाणी और हृदयस्पर्शी भावों के माध्यम से श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे। उनकी वाणी से न केवल कथा श्रवण का सौभाग्य मिलेगा, बल्कि जीवन में धर्म, ज्ञान और भक्ति का महत्व भी उजागर होगा।कथा का समय प्रतिदिन दोपहर 12:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस दौरान श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, भक्त प्रह्लाद, ध्रुव, गजेन्द्र मोक्ष, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, रासलीला एवं सुदामा चरित्र जैसी अनुपम कथाओं का श्रवण कर सकेंगे।

कथा आयोजन को सफल बनाने हेतु ग्राम के समस्त श्रद्धालुजन तन-मन-धन से सेवा में जुटे हुए हैं। ग्रामवासी श्रद्धा भाव से पंडाल सजावट, भंडारा व्यवस्था, यातायात और अतिथि सत्कार में सक्रिय हैं। कथा स्थल को भव्य रूप से सजाया गया है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति की संभावना है।समस्त ग्रामवासियों द्वारा क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से विनम्र निवेदन किया गया है कि वे इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर श्रीमद्भागवत कथा श्रवण करें, धर्म लाभ अर्जित करें और अपने जीवन को भक्तिमय बनाएं।यह आयोजन सामाजिक समरसता, आध्यात्मिक उत्थान एवं सनातन मूल्यों की पुनः स्थापना का संदेश लेकर आ रहा है।

Leave a Comment