रिपोर्ट राजीव गुप्ता आष्टा जिला सीहोर एमपी

आष्टा, जिला सीहोर।स्थानीय शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आष्टा में बुधवार को गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व श्रद्धा एवं भक्ति भाव से मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य श्री भगवान सिंह राजपूत ने की, जबकि संचालन का दायित्व हबीब अंसारी ने कुशलतापूर्वक निभाया।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती एवं गुरु पूजन के साथ हुई। छात्र-छात्राओं ने गुरु वंदना, भजन, कविता पाठ एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से गुरु के महत्व को रेखांकित किया।

विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत “गुरुर्ब्रह्मा गुरुर्विष्णु…” श्लोक ने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।प्राचार्य भगवान सिंह राजपूत ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में गुरु की भूमिका को जीवन का सबसे महत्वपूर्ण मार्गदर्शक बताते हुए कहा, “गुरु वह दीपक हैं जो अज्ञानता के अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं।”

उन्होंने विद्यार्थियों को सदैव गुरु के बताए मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।संचालक हबीब अंसारी ने कहा कि गुरु पूर्णिमा का पर्व हमें श्रद्धा, अनुशासन और संस्कारों से जोड़ता है।

उन्होंने विद्यार्थियों को ज्ञान के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।कार्यक्रम में समस्त शिक्षकगण, छात्र-छात्राएँ एवं अभिभावकों की उपस्थिति ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया।

