रिपोर्ट राजीव गुप्ता आष्टा जिला सीहोर एमपी

जिले के आष्टा अनुभाग अंतर्गत “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान के अंतर्गत दिनांक 17 जुलाई 2025 को पुलिस द्वारा विभिन्न स्कूलों एवं कस्बा क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। यह अभियान पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार 15 जुलाई से 30 जुलाई 2025 तक चलाया जा रहा है।सीहोर पुलिस अधीक्षक श्री दीपक कुमार शुक्ला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमति सुनिता रावत के मार्गदर्शन में आष्टा अनुभाग के अंतर्गत आने वाले थाना आष्टा, थाना पार्वती, थाना जावर एवं थाना सिद्दीकगंज की पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से यह अभियान चलाया।

अभियान के अंतर्गत दिशा दर्शन इंटरनेशनल स्कूल आष्टा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चाचरसी, मार्टिनेट हायर सेकेंडरी स्कूल अलीपुर, सेंट पॉल हायर सेकेंडरी स्कूल जावर, एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धुराड़ा कलां (सिद्दीकगंज) में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्टाफ को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई।कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्त जीवन के लाभों पर प्रकाश डाला गया, साथ ही शॉर्ट फिल्म एवं वीडियो के माध्यम से जागरूकता फैलाई गई।

पोस्टर वितरण, बैनर प्रदर्शन और कस्बा क्षेत्रों में रैली निकालकर नशे को सामाजिक बुराई बताया गया और सभी को नशा मुक्त रहने की शपथ दिलाई गई। उपस्थितजनों को हेल्पलाइन नंबर की जानकारी भी प्रदान की गई।इस दौरान गुटखा, तम्बाकू, बीड़ी, सिगरेट एवं अन्य नशीले पदार्थों के विक्रेताओं को निर्देशित किया गया कि वे स्कूलों के निकट दुकान या गुमटी न लगाएं।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण, आमजन, पत्रकार बंधु एवं पुलिस स्टाफ उपस्थित रहे।

