रिपोर्ट राजीव गुप्ता आष्टा जिला सीहोर एमपी
आष्टा (जिला सीहोर)। नगर में पहली बार ऐसा अवसर आया जब प्रशासनिक अधिकारी स्वयं आगे बढ़कर सभी समाजों के अध्यक्षों से एक ही मंच पर रूबरू हुए।

स्थानीय पुलिस थाने के बैठक कक्ष में आयोजित इस ऐतिहासिक बैठक में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नितिन टाले, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस आकाश अमलकर तथा नगर निरीक्षक गिरीश दुबे ने आगामी पर्व-त्योहारों—विशेषकर जन्माष्टमी, गणेश उत्सव, अनंत चतुर्दशी एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रम—को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने पर विस्तारपूर्वक चर्चा की।

अधिकारियों ने सभी समाज प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि इन अवसरों पर अनुशासन, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए, ताकि नगर में भाईचारे और धार्मिक एकता की मिसाल कायम हो। उपस्थित सभी समाज अध्यक्षों ने इस पहल का एक स्वर में स्वागत किया और इसे प्रशासन व समाज के बीच बेहतर तालमेल की मिसाल बताया।

बैठक में सेंधव समाज के अध्यक्ष भाटी जी, बी.एस. वर्मा, नरेंद्र कुशवाह, अनिल श्रीवास्तव सहित सभी समाजों के अध्यक्षों ने अपने विचार रखे और पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। समाज प्रतिनिधियों ने विश्वास दिलाया कि सभी आयोजन परंपराओं, नियमों और समयसीमा के अनुरूप सम्पन्न होंगे,

जिससे नगर की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत और भी प्रखर होगी।बैठक में विभिन्न समाजों के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और प्रशासनिक अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, और वातावरण में आने वाले त्योहारों का उल्लास पहले से ही महसूस किया जाने लगा।


