आष्टा में साध्वीवर्या नम्रव्रता श्रीजी की पावन निश्रा में तपस्वियों के तप वधामणा का आयोजन सम्पन्न

आगामी 29 अगस्त को तपस्वियों की भव्य शोभायात्रा तथा मानस भवन में बहुमान समारोह के साथ होगा।

रिपोर्ट राजीव गुप्ता आष्टा जिला सीहोर एमपी

आष्टा (जिला सीहोर, म.प्र.) – नगर के श्री महावीर स्वामी श्वेताम्बर जैन मंदिर, गंज में चातुर्मास हेतु विराजमान साध्वीमण्डल की पावन निश्रा में धर्मानुरागी जनों द्वारा तपस्या का अनवरत क्रम जारी है।

इस क्रम में 45 दिवसीय सिद्धितप भी गतिमान है, जिसका समापन आगामी 29 अगस्त को तपस्वियों की भव्य शोभायात्रा तथा मानस भवन में बहुमान समारोह के साथ होगा।इसी श्रंखला में नगर के मानस भवन में तपस्वियों की अनुमोदना एवं तप वधामणा का आयोजन समाजजनों की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर इन्दौर से पधारे सुप्रसिद्ध भजनगायक विवेक कुमार भंडारी ने अपने भक्तिमय भजनों से वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।

सिद्धितप कर रहे 14 तपस्वी उपवास की कठोर साधना के बावजूद तेजस्वी मुखमंडल के साथ जब नृत्य करते हुए मंच पर प्रवेश कर रहे थे तो पूरा सभागार भावविभोर हो उठा।

चावल की वर्षा एवं पुष्पवर्षा से समाजजन, परिवारजन एवं इष्टमित्रों ने उनका स्वागत कर उनके तप की अनुमोदना की।कार्यक्रम में विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर भी विगत दिनों अपनी टीम सहित प्रत्येक तपस्वी के घर पहुंचकर उनके बहुमान में सहभागी बने थे।इस तप वधामणा आयोजन में जैन श्वेताम्बर समाज के समाजजनों की भारी संख्या में उपस्थिति रही।

रिपोर्ट : राजीव गुप्ता, आष्टा (जिला सीहोर, म.प्र.)

Leave a Comment